
रांची। रांची में लापता युवक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में एक महिला, उसकी बहन और भाई को गिरफ्तार किया गया है। तीनों पर युवक को बहाने से बुलाकर उसके साथ वारदात करने और शव को कुएं में फेंकने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, 24 फरवरी की रात करीब 8 बजे विजय कुमार दास अपने एक दोस्त की मोटरसाइकिल से घर से निकले थे। इसके बाद से वह लापता हो गए। 3 मार्च को इस मामले में दलादिली थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई। परिजनों ने रोशनी देवी नाम की महिला पर शक जताया, जिसके साथ विजय कुमार दास का प्रेम संबंध बताया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ-साथ रोशनी देवी, उसकी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश बैठा से पूछताछ की।
प्रेमिका शादी करने का दबाव बना रही थी
जांच में सामने आया कि रोशनी देवी विजय कुमार दास पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन विजय कुमार दास इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद रोशनी देवी ने अपनी बहन और भाई के साथ मिलकर एक योजना बनाई। रोशनी देवी विजय कुमार दास को बेड़ो स्थित अपने नए घर ले गई। वहां उन्हें शराब पिलाई गई। जब वह नशे की हालत में थे, तब तीनों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया।
चाकू रोशनी देवी के घर से बरामद किया गया
घटना के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर टिकरिया ले जाया गया और मोटरसाइकिल से बांधकर वहां के एक कुएं में डाल दिया गया। बाद में आरोपियों की निशानदेही पर करीब 10 दिनों से लापता विजय कुमार दास का शव बेड़ो के एक कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू रोशनी देवी के घर से बरामद किया है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, मृतक की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर JH01ES0377) और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- रोशनी देवी (29 वर्ष), पति – विजय कुमार दास
- सीमा देवी (35 वर्ष), पति – प्रकाश दास
- भूपेश बैठा (27 वर्ष)
बरामद सामान:
- विभिन्न कंपनियों के 4 मोबाइल फोन
- हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर: JH01ES0377)
- खून लगा पत्थर





