अब खटारा वाहनों से छुटकारा: रांची पुलिस को मिले 88 नए वाहन | हर चौक-चौराहे पर दिखेगी PCR

रांची। झारखंड सरकार की पहल के बाद रांची पुलिस को अब पुराने और खटारा वाहनों से राहत मिल गई है। सरकार द्वारा पुलिस विभाग को उपलब्ध कराए गए 600 से अधिक वाहनों में से रांची पुलिस को सबसे अधिक 88 चारपहिया वाहन आवंटित किए गए हैं। नए वाहनों के मिलने से राजधानी में पुलिस की पेट्रोलिंग और मौजूदगी पहले से अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। शनिवार शाम ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने रांची के सभी पीसीआर और टाइगर जवानों को ब्रीफिंग दी और उन्हें नए वाहन सौंपे। अधिकारियों ने बताया कि आवंटित वाहनों में से 25 गाड़ियों को तुरंत पीसीआर पेट्रोलिंग में तैनात कर दिया गया है, ताकि शहर के संवेदनशील और महत्वपूर्ण चौक-चौराहों पर पुलिस की त्वरित मौजूदगी सुनिश्चित हो सके। अब ये पीसीआर वैन क्विक रिस्पॉन्स टीम के रूप में काम करेंगी।
पेट्रोलिंग को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
ट्रैफिक एसपी ने ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाकर स्नैचिंग और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाना प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी वाहनों की जीपीएस के माध्यम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा निर्देश दिया गया कि सामान्य परिस्थितियों में पीसीआर वैन 20 मिनट से अधिक समय तक एक ही स्थान पर खड़ी नहीं रहेंगी, ताकि पेट्रोलिंग लगातार गतिशील बनी रहे।
त्योहारों को देखते हुए अलर्ट रहने के निर्देश
आने वाले प्रमुख त्योहारों ईद, सरहुल और रामनवमी को ध्यान में रखते हुए पुलिस जवानों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। ट्रैफिक एसपी ने कहा कि इन अवसरों पर असामाजिक तत्वों को सक्रिय नहीं होने देना है और सभी जवान पूरी निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।
बेहतर संसाधन के साथ बेहतर ड्यूटी की उम्मीद
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि नए वाहन मिलने से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें बेहतर संसाधन के साथ ड्यूटी निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर में पुलिस की मौजूदगी ऐसी होनी चाहिए कि स्नैचर और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बने और राजधानी की कानून-व्यवस्था मजबूत रहे।





