

रांची। कश्मीरी युवा आदान प्रदान कार्यक्रम 2023 वतन को जानो के तहत कश्मीर के छह जिलों के 122 युवा एवं युवतियां अध्यक्ष झारखंड विधानसभा रबीन्द्रनाथ महतो से उनके आवासीय कार्यालय में उनसे मुलाकात किए। कार्यक्रम में भाग ले रहे युवक युवतियों से अध्यक्ष का झारखंड के संबंध विशेषकर यहां के राजनीतिक पृष्ठभूमि एवं स्वतंत्रता आंदोलन में झारखंड के योगदान,
भगवान बिरसा मुंडा एवं संथाल विद्रोह आदि विभिन्न विषयों पर चर्चाएं हुई। अध्यक्ष ने उन्हें झारखंड की पृष्ठभूमि व यहां के जल, जंगल, जमीन से लेकर झारखंड की आर्थिक सुदृढ़ता एवं देश के विकास में झारखंड का योगदान से सम्बंधित विभिन्न विषयों को विस्तारपूर्वक बताया। इस क्रम में अध्यक्ष ने उन्हें रामगढ़ के कांग्रेस अधिवेशन एवं गांधी यात्रा के संबंध में भी बातें की तथा काश्मीर से सम्बंधित विभिन्न विषयों पर चर्चाओं के माध्यम से समझने का प्रयास भी किया। झारखंड के वर्तमान परिदृश्य के संबंध में माननीय अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान झारखंड ,युवा नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में काफी कुछ बदल रहा है। कश्मीर से आए यह प्रतिनिधिमंडल 14 दिसंबर से 19 दिसंबर तक झारखंड यात्रा पर रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल माननीय अध्यक्ष से मिलने के उपरांत काफी खुश दिखे और अपनी झारखंड यात्रा को सफल बताया।