

कड़ी सुरक्षा के बीच हजारीबाग जेल से रांची लाया गया
रांची। कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को रांची पुलिस ने 48 घंटे के लिए रिमांड पर लिया है। जेल में बंद सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर है। ओरमांझी इलाके में हुई गोलीबारी में सुजीत सिन्हा गैंग की संलिप्तता सामने आई थी, उसी मामले में रांची पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। ओरमांझी में बिल्डर के साइट पर गोलीबारी सहित कई अन्य आपराधिक मामलों में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को मंगलवार कड़ी सुरक्षा के बीच हजारीबाग जेल से रांची लाया गया। पिछले कई महीने से सुजीत सिन्हा हजारीबाग जेल में बंद था। मंगलवार को रांची पुलिस के स्पेशल टीम हजारीबाग जेल पहुंची और कोर्ट के आदेश पर उससे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेकर रांची पहुंची।
जावेद-आजाद को गोली मारकर घायल कर दिया था
ओरमांझी में 22 नवंबर को बाइक सवार अपराधियों ने जमीन कारोबारी के दो कर्मी जावेद अंसारी और आजाद अंसारी को गोली मारकर घायल कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने जांच की तो पता चला कि गोलीबारी की वारदात को कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गुर्गों ने ही अंजाम दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने सुजीत सिन्हा की गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार अपराधियों ने यह बताया था की गोलीबारी को वारदात को अंजाम देने में गैंगस्टर की पत्नी, परिवार के सदस्य के अलावा अन्य लोग भी शामिल थे।अब इसी मामले में रांची पुलिस सुजीत सिन्हा से सीधे पूछताछ कर रही है।