
रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Mahendra Singh Dhoni एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कार का चालान कटना है। ओवरस्पीडिंग के कारण उनकी लग्जरी कार पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। झारखंड में खास पहचान रखने वाले धौनी की कार का चालान ट्रैफिक नियम तोड़ने के कारण काटा गया। 1 मार्च को कांके रिंग रोड पर बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के पास उनकी कार तय स्पीड लिमिट से ज्यादा रफ्तार में चल रही थी। उस इलाके में अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा है। लेकिन कार की रफ्तार इससे ज्यादा थी। वहां लगे ऑटोमैटिक ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम (ATMS) के कैमरों ने इसे रिकॉर्ड कर लिया और तुरंत 1000 रुपये का चालान जनरेट कर दिया। रांची ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के बड़े चौराहों और रिंग रोड पर यह सिस्टम 24 घंटे काम करता है। ओवरस्पीडिंग, सिग्नल तोड़ने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर तुरंत चालान जारी कर दिया जाता है। धौनी रांची के रहने वाले हैं और अक्सर अपने फार्महाउस या शहर में दिखाई देते हैं। उन्हें महंगी और लग्जरी कारों का शौक है। लेकिन इस बार ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर उनकी कार पर जुर्माना लगा दिया गया।





