

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी बिरसा जैविक उद्यान में आस्ट्रेलियाई पक्षी एमू व एक मगरमच्छ की मौत हो गई है। एमू के मौत के बाद जू प्रशासन पूरी तरह से सजग हो गया है। एमू की मौत कैसे हुई है इसका कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। 3-4 एमू की मौत हुई है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले बर्ड फ्लू के कारण कई बटेर की मौत हो गई थी। बिरसा जैविक उद्यान के निदेशक जबर सिंह ने बर्ड फ्लू के कारण मौत से इनकार किया है। जू के पशु चिकित्सक डॉक्टर प्रकाश ने भी बताया कि पहली नजर में मौत बैक्टीरियल इंफेक्शन से हुई है ना कि बर्ड फ्लू से। उन्होंने बताया है कि सभी का पोस्टमार्टम किया गया है। बर्ड फ्लू जैसे इंफेक्शन नहीं मिले हैं। इधर जू में सभी तरह की सावधानियां बरती जा रही है। इन पक्षियों के बाड़े के आसपास घेराबंदी कर दी गई है। तीन-तीन बार स्प्रे किया जा रहा है। चूने का छिड़काव भी किया गया है। पक्षियों को मल्टीविटामिन दिए जा रहे हैं। वहीं, मगरमच्छ की माैत का कारण अधिक उम्र होना कहा गया है। जिस मगरमच्छ की मौत हुई है उसकी उम्र 45 वर्ष थी। मगरमच्छ को बाड़े में ही जला दिया गया है।