हिंद महासागर तक पहुंचा युद्ध: राहुल गांधी ने कहा – भारत को चाहिए मजबूत और स्थिर नेतृत्व

ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले लगातार जारी हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इज़राइल पर जवाबी हमले कर रहा है। इस महायुद्ध की आग अब हिंद महासागर तक पहुँच चुकी है। हाल ही में, अमेरिका ने हिंद महासागर में एक ईरानी युद्धपोत को निशाना बनाया, जिसमें 80 से अधिक लोगों की मौत हुई। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव की आहट भारत तक महसूस हो रही है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत की तेल आपूर्ति खतरे में है, क्योंकि हमारा 40 प्रतिशत से अधिक तेल आयात ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ से होकर गुजरता है। एलपीजी और एलएनजी की आपूर्ति भी असुरक्षित स्थिति में है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में देश को एक मजबूत और स्थिर नेतृत्व की जरूरत है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी समझौता करने वाले रवैये के साथ देश की सामरिक स्वायत्तता को छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, “हिंद महासागर में ईरानी युद्धपोत के डूबने से यह संघर्ष भारत की दहलीज तक पहुंच गया है, लेकिन प्रधानमंत्री ने कोई टिप्पणी नहीं की।”





