रामनवमी-चैती दुर्गा विसर्जन को लेकर बदला रांची का ट्रैफिक। घर से निकलने से पहले पढ़ें ये गाइड

रांची। राजधानी रांची में रामनवमी (26-27 मार्च) और चैती दुर्गा विसर्जन (28 मार्च) के पावन अवसर पर सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं । पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इन तीन दिनों के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा या रूट डायवर्ट किया जाएगा ।
26 मार्च: झांकियों का आगमन और भारी वाहनों पर रोक
रामनवमी की संध्या को निकलने वाली झांकियों को देखते हुए यातायात व्यवस्था निम्नवत रहेगी:
- भारी वाहन: शाम 04:00 बजे से अगले दिन सुबह 06:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन रिंग रोड होकर गुजरेंगे ।
- छोटे मालवाहक: शाम 05:00 बजे से रात 12:00 बजे तक इनका परिचालन बंद रहेगा ।
- प्रतिबंधित मार्ग: किशोरी यादव चौक से अपर बाजार, महावीर मंदिर चौक, शहीद चौक और सुजाता चौक के बीच ऑटो, टोटो और नगर निगम की बसों का परिचालन वर्जित रहेगा ।
27 मार्च: मुख्य शोभा यात्रा के दिन कड़े नियम
शुक्रवार को मुख्य जुलूस के दिन दोपहर 1:00 बजे से जुलूस समाप्ति तक शहर के लगभग सभी प्रमुख रास्तों पर सामान्य वाहनों की नो-एंट्री रहेगी ।
- सुबह से पाबंदी: सुबह 08:00 बजे से अगले दिन सुबह 04:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा ।
- बंद रास्ते: शहीद चौक, कचहरी चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, पुरुलिया रोड, चर्च रोड और मेन रोड की ओर आने वाली सभी गलियों से वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा ।
- महत्वपूर्ण डायवर्जन: कचहरी चौक से एसएसपी आवास की ओर जाने वाले मार्ग और सुजाता चौक से ओवरब्रिज की ओर जाने वाले रास्ते पर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा ।
- लिमिटेशन: सर्कुलर रोड से आने वाले वाहन केवल जेल चौक तक ही जा सकेंगे ।
28 मार्च: चैती दुर्गा विसर्जन व्यवस्था
शनिवार को विसर्जन कार्यक्रम के दौरान भी पाबंदियां जारी रहेंगी:
- सुबह 08:00 बजे से रात 12:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा ।
- विसर्जन मार्ग पर आवश्यकतानुसार तत्काल रूट डायवर्ट किए जाएंगे ।
अपील: ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों (रिंग रोड) का प्रयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ।





