
रांची। राजधानी रांची में बड़े पैमाने पर देह व्यापार चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। लालपुर, चुटिया समेत कई थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान देह व्यापार में शामिल 5 से अधिक लड़कियों और कुछ ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, पकड़ी गई ज्यादातर लड़कियां रांची और कोलकाता की रहने वाली हैं। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रैकेट चलाने वाली एक महिला सरगना को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला पश्चिम बंगाल और अन्य जगहों से लड़कियों को बुलाकर रांची में देह व्यापार करवाती थी। उसका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है और वह पहले जेल जा चुकी है। एसएसपी राकेश रंजन को पहले ही इस रैकेट की जानकारी मिल गई थी। सूचना थी कि दो दर्जन से ज्यादा लड़कियों को गुप्त तरीके से होटलों और किराए के मकानों में रखकर देह व्यापार कराया जा रहा है। जानकारी की पुष्टि होने के बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई और कार्रवाई की गई। अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।





