

रांची। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी के राजू अपने चार दिवसीय दौरे पर झारखंड के रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, कांके विधायक सुरेश बैठा, प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष केदार पासवान, मीडिया विभाग के अध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी समेत कई कांग्रेसियों ने प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया। बता दें कि झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू का अपने दौरे के दूसरे चरण में छह मार्च से पांच दिवसीय दौरे पर झारखंड आने का कार्यक्रम पहले से तय था, लेकिन झारखंड प्रभारी पांच मार्च की रात सेवा विमान से रांची पहुंच गए। एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए के राजू ने कहा कि उनका लक्ष्य राज्य में कांग्रेस संगठन को मजबूत और धारदार बनाना है। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि छह मार्च को दोपहर एक बजे से वे पलामू, लातेहार, गढ़वा जिले के कांग्रेस जिला अध्यक्षों, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 7 मार्च को बोकारो स्थित बोकारो जिला कांग्रेस कार्यालय में बोकारो, धनबाद, गिरिडीह के जिला, प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर रांची जिले के मांडर में आयोजित प्रगतिशील महिला किसान सम्मान समारोह में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू भाग लेंगे। 9 मार्च को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गोड्डा जिले के गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज के जिला प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।