

रांची। रांची जिला के इटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक शादी समारोह में फायरिंग की घटना में एक कैटरर की मौत हो गई। यह मामला गुरुवार देर रात तिलकसूती गांव की है। इस मामले को लेकर इटकी थाना ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में जयश्री दास की बेटी की शादी हो रही थी। इसी दौरान जिस स्थान में खाने का इंतजाम था वहां अचानक फायरिंग हो गई और गोली कैटरर रविन्द्र लोहरा को लग गई। कैटरर को गोली लगने के बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई। शादी समारोह से लोग तुरंत निकल गए। इस बीच आनन-फानन में घायल कैटरर रविन्द्र को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बेड़ो डीएसपी अशोक राम और इटकी थानेदार अभिषेक कुमार मौके पर पहुंचे। इसके बाद बारात में शामिल लोगों से पूछताछ की गई। लोगों ने पुलिस को बताया कि शादी समारोह के दौरान कुछ लोग खाना-पीना कर रहे थे। उन्हीं में से किसी ने गोली चलाई थी। इस संबंध में इटकी थानेदार अभिषेक ने बताया की बारात में गोली चलने की वजह से कैटरर रविन्द्र की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि शादी समारोह में गोली चलाने वाले शख्स का नाम सुंदर दास है।उसी ने अपने अवैध हथियार से फायरिंग की थी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने सुंदर दास को गिरफ्तार भी कर लिया है।