रांची में एनकाउंटर: चौपाटी रेस्तरां मर्डर केस के आरोपी को पुलिस ने गोली मारी | RIMS में भर्ती

इस मामले में एक पूर्व पुलिसकर्मी समेत दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है
रांची। रांची में चौपाटी रेस्तरां मालिक विजय नाग की हत्या के मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार के साथ रांची पुलिस की मुठभेड़ हुई है, जिसमें अभिषेक के दोनों पैरों में गोलियाँ लगी हैं। उसे इलाज के लिए RIMS में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि शनिवार देर रात कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्तरां के मालिक विजय नाग की हत्या के बाद आरोपी अभिषेक राज्य से फरार होने की कोशिश कर रहा था। इस मामले में पुलिस पर गिरफ्तारी को लेकर दबाव था और स्थानीय लोगों ने रविवार को हंगामा भी किया था।
दोनों पैरों में गोलियां लगीं
पुलिस को सूचना मिली कि अभिषेक अपने परिवार के साथ भाग रहा है। इसके बाद एसएसपी रांची की एक टीम ने उसका पीछा किया। कांके थाना क्षेत्र के आईटीबीपी कैंप के पास पहुंचने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस को घेरा देखकर अभिषेक ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस जवाबी कार्रवाई में अभिषेक के दोनों पैरों में गोलियां लगीं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि हत्या के पीछे बिरयानी को लेकर हुआ विवाद प्राथमिक कारण बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य कोणों से भी पूछताछ कर रही है। इस मामले में एक पूर्व पुलिसकर्मी समेत दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।